चोरी के माल समेत चार गिरफ्रतार, वारदात में शामिल चार अन्य फरार
पुलिस टीम फरार आरोपियों की तलाश में जुटी, कप्तान ने टीम की थपथपाई पीठ
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। हिन्दुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड कम्पनी से करीब बावन लाख की आई काॅनिक काजल चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस व सीआईयू की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्रतार किया है। आरोपियों से टीम ने साढे चालीस लाख का माल व तेरह हजार की नगदी बरामद की है। चोरी की वारदात का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. योगेन्द्र सिंह रावत ने बुधवार को रोशनाबाद पुलिस कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान किया।
उन्होंने बताया कि 30 मई को विक्रम सिंह पुत्र विरेन्द्र सिंह हाल निवासी हिन्दुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड कम्पनी सिडकुल हरिद्वार ने तहरीर देते हुए शिकायत की थी कि अज्ञात द्वारा 22 मई की रात को हिन्दुस्तान यूनिलीवर कम्पनी सिडकुल से आई काॅनिक काजल के 14 सीएलडी को अज्ञात द्वारा चोरी कर लिया गया है। जिसकी बाजार में कीमत 51, 80,000 हजार है। पुलिस ने तहरीर के आधाार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। कम्पनी में हुई चोरी के खुलासे के लिए सिडकुल पुलिस के साथ सीआईयू को भी शामिल किया गया। सिडकुल पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए चोरों की शिनाख्त के प्रयास करते हुए उनकी तलाश शुरू कर दी। टीम ने चोरी के खुलासे के लिए अपने मुखबिरों की टीम को भी अलर्ट कर दिया।
उन्होंने बताया कि टीम आरोपियों की तालाश में जुटी थी कि मंगलवार को टीम को मुखबिरों से
सूचना मिली कि हिन्दूस्तान यूूनिलीवर लिमिटेड कम्पनी में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चार लड़कों को पैदल दो पेटियों को ले जाते डैंसो चौक की ओर जाते देखा गया है। सूचना पर संयुक्त टीम ने बिना वक्त गंवाये घेर घोट कर चारों लड़को को दबोच लिया। जिनके पास से टीम ने आई काॅनिक काजल चोरी की दो पेटियां व 13 हजार की नगदी बरामद हुई। पुलिस टीम उनको पकड़ कर थाने लेकर पहुंची।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम बहादुर उर्फ अक्खन पुत्र सुभाष चन्द्र, अमरीश कुमार उर्फ छोटू पुत्र रामकुमार, मयंक पुत्र मदनपाल और अभिजीत पुत्र सहेन्द्र निवासीगण ग्राम सिदडू लक्सर हरिद्वार बताया। पुलिस टीम ने एक आरोपी बहादुर की निशानदेही से चोरी की 9 पेटियां उसके साले के घर दहियाकी मण्डावली मंगलौर से बरामद की है। पुलिस टीम ने आरोपियों से कुल 11 पेटियां बरामद की है। जिनकी बाजार में कीमत 40,60,750 बतायी जा रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया उन्होंने चोरी की वारदात को अपने चार अन्य साथियों विकास पुत्र चमन लाल, मोनू पुत्र पालू राम, शुभम पुत्र रफल सिंह और इन्द्रजीत पुत्र सतपाल भगतजी निवासीगण ग्राम सिदडू कोतवाली लक्सर के साथ मिलकर 22 मई की रात को हिन्दुस्तान यूनीलिवर कम्पनी सिडकुल से कम्पनी के पीछे की लोहे की जाली को तोड़कर कम्पनी के अन्दर घुसकर की थी। जिसमें से 03 पेटी आई-कोनिक काजल सीएलडी की हम लोगों ने मिलकर अलग-अलग लोगों को बेच दी, जो पैसे हमसे बरामद हुए है वह इन्ही पेटियों के बेचे हुए पैसे है।
एसएसपी ने बताया कि दबोचे गये चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिनको मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। चोरी की वारदात में शामिल फरार अन्य चार आरोपियों की तलाश की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.योगेन्द्र सिंह रावत ने लाखों की चोरी का खुलासा करने वाली टीम की पीठ थपथपाई है।
