लड़की पर जेवर चढाने को लेकर दोनों पक्षों में बिगडी बात
पुलिस के पहुंचने पर लडके पक्ष के सामने खुला नाबालिक का राज
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। रिश्ता कराने के नाम पर बिचौलिये की भूमिका निभाने वाले एक होमगार्ड ने दूसरे होमगार्ड को गुमराह कर पैसों के लालच में उसके बेटे के लिए नाबालिक को बालिक बताकर रिश्ता तय कराने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा हैं कि लड़की पक्ष ने गरीब होने की लाचारी बताकर शादी में कुछ खर्च न करने की बात कही गयी थी। जिसपर दोनों पक्षों के बीच लडकी को केवल चुनरी उड़ा कर ले जाने की बात तय हुई। लेकिन आज जब लडका पक्ष विवाह के लिए कनखल पहुंचा तो लडकी पर जेवर चढाने को लेकर बात बिगड गयी और हंगामा हो गया। मामला पुलिस तक पहुंचा, तब जाकर लडके पक्ष के सामने लडकी के नाबालिक होने का राज खुल गया। पुलिस ने लडकी पक्ष को बालिक होने के बाद ही शादी करने की हिदायत दी। जिसके बाद लडका पक्ष वापस लौट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रूड़की निवासी होमगार्ड को जानकारी लगी कि कनखल निवासी होमगार्ड रिश्ता करता है। जिसके बदले वह बिचौलिये की भूमिका निभाते हुए लडके व लडकी पक्ष से रिश्ते कराने के नाम पर सुविधा शुल्क लेता है। इस जानकारी पर रूड़की निवासी होमगार्ड ने अपने 35 साल के बेटे के लिए कनखल निवासी होमगार्ड से रिश्ता करने को कहा। बताया जा रहा हैं कि कनखल निवासी होमगार्ड ने पैसों के लालच में अपने की मौहल्ले की एक गरीब नाबालिक को बालिक बताकर रूड़की होमगार्ड से बात चलाते हुए कहा कि गरीब परिवार हैं वह कुछ भी खर्च करने की स्थिति में नहीं है। जिसपर लडके पक्ष ने भी चुनरी ओढा कर लडकी को विदा कर ले जाने की बात कही। दोनों के बीच बात तय होने पर शनिवार को लडका पक्ष लडकी के घर कनखल पहुंचा।
बताया जा रहा हैं कि एन वक्त पर लडकी पक्ष ने लडकी पर जेवर चढाने की शर्त रख दी। जिसपर लड़का पक्ष अपनी तय बातों को लेकर शादी के लिए अड गया। हंगामा होने पर पडौसियों ने पुलिस को सूचित कर दिया। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर मामले का खुलासा हुआ कि जिस लडकी की शादी की बात हो रही हैं वह नाबालिक है। जिसपर लड़के पक्ष ने रिश्ता तय कराने वाले होमगार्ड को मौके पर सब के सामने लताड लगाई जिसने उनको लडकी को बालिक बताया था। पुलिस ने लडके पक्ष को समझा बुझाकर मामले को शांत कराते हुए वापस भेज दिया। वहीं लडकी पक्ष को बालिक न होने तक शादी न करने की हिदायत दी।
कनखल सहायक प्रभारी दीपक कठैत ने बताया कि मामला नाबालिक के शादी का सामने आया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाते हुए लडके पक्ष को वापस भेज दिया। रिश्ता कराने वाला कनखल निवासी होमगार्ड था और लडका पक्ष भी रूड़की होमगार्ड का बेटा था।
