
लीना बनौधा
हरिद्वार। जनपद हरिद्वार में भाई-बहन के प्यार का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और माथे पर तिलक कर उनकी दीर्घ आयु की कामना करते हुए रक्षा का वचन लिया। भाइयों ने बहनों की रक्षा का वचन देकर उनको उपहार दिये।
रक्षा बंधन के पर्व को लेकर भाई-बहनों में भारी उत्साह नजर आया। घरों में सुबह के समय परंपरा के मुताबिक पूजा अर्चना की गई। दरवाजों की चौखट पर राम-राम, राध-कृष्ण एवं शुभ-रक्षा बंधन जैसे शुभ शब्द लिखे। इसके बाद बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके माथे पर तिलक किया। उनकी आरती करते हुए दीर्घ आयु की कामना की। भाइयों ने भी अपनी बहनों को दुलार करते हुए उनको उपहार दिये। साथ ही उनकी रक्षा करने का वचन दिया। अनेक बहने अपनी ससुराल से अपने मायके आई और अपने भाइयों को राखी बांधी, जबकि अनेक भाई राखी बधवाने के लिए बहन की ससुराल भी पहुंचे।
![]()
रोहिनी, सुनीता, शालू, प्रिया, मानसी, कामिनी ने बताया कि वे अपने भाई से मिलने किन्हीं कारणों से उनके पास नहीं जा सके। उन्होंने वीडियो काॅल के माध्यम से रक्षा बंधन पर्व मनाया। ऐसी बहनों ने भगवान श्री गणेश जी, श्री कृष्ण, श्री राम व हनुमान जी की प्रतिमा को राखी बांधकर रक्षा बंधन पर्व मनाया। रक्षा बंधन पर भाइयों की कलाई पर रंग-बिरंगी राखियां बांधने के लिए बहनें उत्साहित दिखीं। भाइयों ने बहनों को गिफ्रट के तौर पर देने के लिए चाकलेट, जूस, टेडी, ग्रीटिंग कार्ड, डियो की खूब खरीदारी की। कास्मेटिक की दुकानों पर भी महिलाओं की खूब भीड़ दिखी।
वहीं कोरोनाकाल के लंबे समय के बाद त्योहार पर खरीदारी को लेकर दुकानदारों के चेहरे भी खिले नजर आए। रक्षा बंधन पर मुंह मीठा करने के लिए मिठाई की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। ग्राहकों की पसंद के मुताबिक विभिन्न मिठाइयों के सैंपल दुकानदारों ने काउंटर पर सजाकर लगाए। घेवर से लेकर मावा, चाकलेट व ड्राइफ्रूट से बनी मिठाई की खूब डिमांड रही और रोडवेज पर भी भारी भीड़ देखी गयी।
