दूध की होली, विशेष ज्योति व 113 कमल के फूलों से गंगा पूजन से होगा श्रीगणेश
मां गंगा को स्वच्छ रखने के लिए महोत्सव में चलाया जा रहा जागरूकता अभियान
आर्कषण का केन्द्र होगे श्री योगी, स्वामी रामदेव व श्री तेंदुलकर के डुप्लीकेट
देश व पाकिस्तान से भी भारी संख्या में महोत्सव में शामिल हो रहे श्रद्धालु
मुकेश वर्मा
हरिद्वार। तीर्थनगरी में 113 वां श्री मुलतान जोत महोत्सव कल (आज) बड़ी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। श्री मुलतान जोत महोत्सव की तैयारी को पूर्ण करते हुए व्यवस्थाओं को अन्तिम रूप दे दिया गया है। जिसमें देश के विभिन्न प्रांतों व पाकिस्तान से भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे है। श्री मुलतान जोत महोत्सव का श्रीगणेश रविवार की सुबह श्रद्धालु भारी संख्या में हरकी पौड़ी पहुंचकर गंगा मईया से दूध की होली खेलते हुए, विशेष ज्योति के साथ-साथ 113 कमल के फूलों को गंगा में प्रवाहित करते हुए पूजा अर्चना कर किया जाएगा। इस बात की जानकारी अखिल भारतीय मुलतान युवा संगठन के अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र नागपाल ने शनिवार को प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि 113 वां श्री मुलतान महोत्सव बड़ी धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव को यादगार बनाने के लिए अखिल भारतीय मुलतान युवा संगठन की ओर से प्रयास किये जा रहे है। श्री मुलतान जोत महोत्सव पर भण्डारे का भी आयोजन किया जा रहा है। मुलतान जोत महोत्सव केवल पंजाबियों तक सीमित ना रहकर सभी वर्गो का बन गया है। मुलतान जोत महोत्सव में प्रतिवर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। मां गंगा मईया के प्रति लोगों की आस्था और उनकी पूरी हो रही मनोकामनाओं के कारण मुलतान जोत महोत्सव एक विशाल रूप लेता जा रहा है। श्री मुलतान जोत महोत्सव की विशाल भव्य शोभा यात्रा श्री मुलतान जो सभा भवन खड़खड़ी क्षेत्र हरिद्वार से रविवार की शाम को प्रारम्भ होगी। शोभा यात्रा का स्वागत शहर के भीतर जगह-जगह स्वागत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हमारा प्रयास रहेगा कि मां गंगा प्रदूषित ना हो, इसी बात को ध्यान में रखते हुए जोत महोत्सव के दौरान मां गंगा को स्वच्छ रखने के लिए अभियान भी चलाया जा रहा है। जिसमें इन श्लोकों गंगा को स्वच्छ रखना सबका कर्त्तव्य हैं, आईये मिलकर गंगा मईया को स्वच्छ व शुद्ध रखे, को जोत महोत्सव में जागरूकता महत्व दिया जा रहा है। इन श्लोकों के साथ तीर्थनगरी में प्रचार प्रसार के साथ श्री मुलतान जोत महोत्सव को मनाया जाएगा। मुलतान जोत महोत्सव का आयोजन वर्ष 1911 में प्रारम्भ हुआ था। उस वक्त भक्त रूप चंद ने पाकिस्तान के मुलतान से पैदल चलकर समाज में भाईचारे एवं शांति की कामना को लेकर हरिद्वार में गंगा मईया को जोत अर्पित की थी। जोत महोत्सव 113 वर्ष से लगातार अनवरत जारी है।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रांतों के साथ-साथ पाकिस्तान में बसे मुलतान से भी भारी श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं। मुलतान जोत महोत्सव के दौरान लोगों की मनोकामना पूर्ण होने पर प्रतिवर्ष लोगों में जोत महोत्सव की महत्ता बढने लगी है। भव्य शोभा यात्रा में लोगों का आर्कषण का केन्द्र योग गुरू स्वामी रामदेव के रूप में संजय तलवार, पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के रूप मे बलबीर अरोड़ा और यूपी मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के रूप में टीवी कलाकार योगी विजेन्द्र नाथ होगे। जिनको देखकर एक बार तो सभी हैरान रह जाएगे।
इसके अलावा जोत महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राज्यपाल, असम प्रो. जगदीश मुखी, भाजपा केन्द्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, दिल्ली के भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विरेन्द्र सचदेवा, हरिद्वार नगर विधायक मदन कौशिक, निगम पार्षद योगेश वर्मा, पूर्व निगम पार्षद श्रीमती लता सोढी आदि शामिल होेगें। पत्रकार वार्ता के दौरान नरेन्द्र चावला, विसम्बर नागपाल, जेआर अरोड़ा, सुमित नागपाल, सुरेन्द्र आहुजा, एमएस ढीगरा, रमेश बजाज, सतपाल अरोड़ा और दीपक गांधी आदि मौजूद रहे।
